कटिहार रेल मंडल में दोहरीकरण एवं आधारभूत संरचना विकास कार्यों को अंतिम मंजूरी देने की प्रक्रिया तेज हो गई है। पूर्वोत्तर सीमांत सर्किल के रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) सुमीत सिंघल 17 से 19 जून तक कटिहार मंडल के विभिन्न रेलखंडों का विशेष निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान रेल सुरक्षा, परिचालन व्यवस्था तथा नए विकसित ट्रैक की गुणवत्ता का गहन परीक्षण किया जा रहा है।निरीक्षण कार्यक्रम के तहत 17 जून को कटिहार–मनिहारी एवं कुरसेला रेलखंड का निरीक्षण किया गया, जबकि 18 जून को डंडखोरा– सोनैली सेक्शन का मोटर ट्रॉली से निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का जायजा लिया गया।
इस संबंध में कटिहार रेलमंडल के सीनियर डीसीएम सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार 19 जून को कटिहार यार्ड एवं ईस्ट केबिन का सीआरएस निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद कटिहार से प्राणपुर रोड तथा सोनैली से कटिहार के बीच नए रेल ट्रैक पर हाई स्पीड ट्रायल आयोजित होगा। इस ट्रायल के सफल होने के बाद संबंधित रेलखंड पर नियमित रेल परिचालन का मार्ग और अधिक प्रशस्त होगा।
वही पीआरओ श्री सिंह ने आम जनता से अपील की है कि स्पीड ट्रायल के दौरान रेलवे ट्रैक एवं उसके आसपास नहीं जाएं तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि परीक्षण कार्य सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।












