मूसलाधार बारिश से हसनगंज प्रखंड का एकलौता खेल मैदान झील बन गया है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से खेल मैदान मे प्रत्येक वर्ष बरसात का पानी जमा हो जाता है। इस समस्या से निजात दिलाने को लेकर कई बार प्रखंड क्षेत्र के खिलाड़ियों द्वारा अधिकारी से लेकर जनप्रतिनिधियों तक को कहा,लेकिन आज तक इस ओर पहल नही की गई जिससे क्षेत्र की खेल प्रतिभा कुंद पड़ने लगी है।
बता दें की हसनगंज प्रखंड मुख्यालय के ठीक सामने खेल मैदान है। जहां कई स्थानीय व जिले स्तर तक की खेल प्रतियोगिता हो चुकी है। प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन बनने की वजह से जल निकासी का मार्ग अवरूद्ध हो गया है। जिस वजह से बरसात के मौसम मे हल्की सी बारिश होने से खेल मैदान मे जल जमाव की समस्या आम हो गई है। इस समस्या को लेकर खेल प्रेमियों द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारियों को भी कहा गया परंतु आज तक समस्या का निदान नहीं हुआ। स्थानीय खेल प्रेमियों का कहना है,की सरकार क्षेत्र में विकास को लेकर कई योजनाएं संचालित कर रखी है। अगर उन्ही योजनाओं से जल निकासी के लिए एक नाला का निर्माण कर दिया जाय तो खेल मैदान में जल जमाव की समस्या दूर हो सकती है।
















