Home #india#rail प्रधानमंत्री ने असम से दो अमृत भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री ने असम से दो अमृत भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

7
0

पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेल संपर्क को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप मे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार को असम एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र के लोगों के लिए दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। यह ऐतिहासिक अवसर इस क्षेत्र से पहली बार नॉन-एसी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवाओं की शुरुआत को दर्शाता है।
इस संबंध में एन एफ रेलवे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि ये दो नई शुरू की गई दो ट्रेनों में डिब्रूगढ़–गोमती नगर (लखनऊ) अमृत भारत एक्सप्रेस तथा कामाख्या–रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन है। इन ट्रेनों को असम के कलियाबर से वर्चुअल माध्यम से हरीझंडी दिखाई गई। इस अवसर पर असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिश्ब शर्मा, केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल तथा केंद्रीय विदेश एवं वस्त्र मंत्रालय के राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, रेल महाप्रबंधक चैतन्य श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। कामाख्या में असम सरकार के कैबिनेट मंत्री चंद्र मोहन पटवारी एवं लोकसभा सांसद बिजुली कलिता मेधी तथा डिब्रूगढ़ में असम सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रशांत फुकन, राज्यसभा सांसद रामेश्वर तेली सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
ये नई अमृत भारत ट्रेन सेवाएं असम को उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, हरियाणा एवं समीपवर्ती क्षेत्रों के प्रमुख गंतव्यों से जोड़ते हुए लंबी दूरी की रेल कनेक्टिविटी को उल्लेखनीय रूप से सुदृढ़ करेंगी। इससे पूर्वोत्तर क्षेत्र के लाखों यात्रियों जिसमें विद्यार्थी, व्यापारी, कार्यरत पेशेवर एवं परिवार शामिल हैं, जिसे प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को यात्री सुविधा, सुरक्षा एवं किफ़ायती यात्रा को ध्यान में रखते हुए डिज़ाइन किया गया है। इनमें आधुनिक कोच, बेहतर राइडिंग गुणवत्ता तथा यात्री-अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे आम नागरिक के लिए लंबी दूरी की यात्रा और अधिक सुलभ हो सकेगी।
वही डिब्रूगढ़–गोमती नगर अमृत भारत एक्सप्रेस, ऊपरी असम से उत्तर भारत के प्रमुख शैक्षणिक, चिकित्सीय एवं वाणिज्यिक केंद्रों तक बेहतर पहुंच प्रदान करेगी, जबकि कामाख्या–रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस गुवाहाटी से हरियाणा एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं प्रशासनिक केंद्रों से संपर्क को मजबूत करेगी। मार्ग में ये ट्रेनें अनेक महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहरेंगी, जिससे जिन क्षेत्रों से ये गुजरेंगी, वहां व्यापक सामाजिक- आर्थिक लाभ सुनिश्चित होंगे।
इन दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का शुभारंभ, भारतीय रेलवे के दूरियों को पाटने, राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र में विकास की गति को तेज करने के सतत प्रयासों को प्रतिबिंबित करता है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे क्षेत्र के आर्थिक विकास एवं सामाजिक प्रगति के समर्थन हेतु रेल अवसंरचना और यात्री सेवाओं के निरंतर विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
ये दोनों नई शुरू हुई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन भाया कटिहार से होकर है। जिसे सीमांचल कि यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। कटिहार स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर रात्रि लगभग 10:30 बजे के कामाख्या–रोहतक उद्घाटन स्पेशल अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के आने पर स्थानीय जन प्रतिनिधियों और रेल प्रशासनं द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इसे कटिहार से रवाना किया गया
। कटिहार स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद, विधायक के साथ डीआरएम किरेंद्र नरह, एडीआरएम मनोज कुमार सिंह, आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस, डीसीएम संगीता मीणा सहित कई अन्य रेल अधिकारीगण मौजूद थे। वही सोमवार को ट्रेन नंबर 05949 डिब्रूगढ़–गोमतीनगर उद्घाटन स्पेशल ट्रेन दोपहर 14.00 बजे कटिहार पहुंचेगी।
गौरतलब है की नए वर्ष के शुरू होते ही भाया कटिहार स्टेशन होते हुए अलग अलग दिशा में तीन नए अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के परिचालन शुरू होने से यात्रियों में काफी हर्ष व्याप्त है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here