कटिहार जिला के बारसोई नगर पंचायत बारसोई क्षेत्र के बारसोई रेलवे स्टेशन से चमड़ा गोदाम के बीच चल रहे नाला निर्माण कार्य एवं कलभट्ट निर्माण में कथित अनियमितता के कारण वार्ड संख्या सात के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड संख्या छह एवं रेलवे क्षेत्र का पानी सीधे सात नंबर वार्ड में प्रवेश कर रहा है, जिससे पूरे इलाके में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। कई स्थानों पर जलजमाव के कारण आवागमन बाधित हो गया है तथा लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक होम पाइप नहीं लगाए जाने के कारण जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। लगातार हो रही बारिश के बाद स्थिति और भी गंभीर हो गई है। गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है तथा क्षेत्र में महामारी फैलने की आशंका गहरा गई है। लोगों का आरोप है कि नगर प्रशासन द्वारा साफ-सफाई पर भी पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे हालात दिन-प्रतिदिन बदतर होते जा रहे हैं।
मामले को लेकर पूर्व विधायक महबूब आलम ने नगर प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि अविलंब होम पाइप लगाकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए। यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा तथा नगर कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस गंभीर समस्या को लेकर वे संबंधित मंत्री एवं उच्च अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।
स्थानीय लोगों ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) से हस्तक्षेप कर तत्काल समस्या का समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए, क्योंकि लोगों की उम्मीद अब अनुमंडल प्रशासन पर टिकी हुई है।
ग्रामीण उदय यादव, विजय भारती, कार्तिक पोद्दार, दिलीप फुलेना यादव समेत सैकड़ों लोगों ने संयुक्त रूप से मांग की है कि जल्द से जल्द नाला निर्माण कार्य को दुरुस्त करते हुए होम पाइप लगाया जाए, ताकि जल निकासी सुचारु हो सके और लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।















