समाजसेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए एन.एफ. रेलवे महिला वेलफेयर संगठन, कटिहार शाखा ने सोमवार को प्राणपुर प्रखंड स्थित बस्तोल आनंद मार्ग वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे बुजुर्गों के बीच समय बिताया तथा उनकी आवश्यकताओं और सुख-सुविधाओं का जायजा लिया। इसका नेतृत्व संगठन की अध्यक्षा निवेदिता नरह ने किया।
इस अवसर पर रेल महिला संगठन की टीम ने वृद्धाश्रम में रह रहे सभी 16 बुजुर्गों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें राशन, फल, साबुन सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री भेंट की। संगठन की इस पहल से बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
महिला संगठन की अध्यक्षा निवेदिता नरह की इस संवेदनशील एवं मानवीय पहल की उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिक हमारे अनुभव और संस्कारों की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके सम्मान और देखभाल की जिम्मेदारी हम सभी की है। गौरतलब है कि रेल महिला समिति की अध्यक्षा निवेदिता नरह काफी सक्रिय है जिनके कुशल मार्गदर्शन में आय दिन रेलमंडल में अलग अलग कार्यक्रम आयोजित होते रहते है।
इस मौके पर संगठन की सचिव मंजरी पाल, कोषाध्यक्ष शिल्पी मंडल, संयुक्त सचिव सुधा कुमारी, मधु मालती, मोनालिसा चुतिया, आभा सिंह, मालती जाटव, ज्योति झा एवं प्रियंका कुमारी सहित वृद्धाश्रम के अध्यक्ष, सचिव और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।













