Home #katihar कटिहार में जिला स्तरीय उर्दू वाद-विवाद प्रतियोगिता–2026 का सफल आयोजन

कटिहार में जिला स्तरीय उर्दू वाद-विवाद प्रतियोगिता–2026 का सफल आयोजन

2
0

उर्दू निदेशालय, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, बिहार, पटना के तत्वावधान में तथा जिला उर्दू भाषा कोषांग, कटिहार द्वारा जिला स्तरीय उर्दू वाद-विवाद प्रतियोगिता–2026 का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, कटिहार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात ‘जिला उर्दूनामा’ का विधिवत विमोचन किया गया।

उद्घाटन सत्र के पश्चात मैट्रिक/समकक्ष, इंटरमीडिएट/समकक्ष तथा स्नातक/समकक्ष वर्गों के प्रतिभागियों के बीच उर्दू वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने अपने प्रभावशाली वक्तृत्व, तार्किक प्रस्तुति एवं उर्दू भाषा पर उत्कृष्ट पकड़ का परिचय देते हुए उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया। प्रतियोगिता का आयोजन पूरे समय गरिमापूर्ण, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी, कटिहार ने कहा कि वाद-विवाद प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल अपनी बात रखना नहीं, बल्कि अनुशासित एवं तार्किक ढंग से अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और दूसरों के विचारों को समझना सीखना है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ही जिले के डिग्री महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि अधिक से अधिक युवा शिक्षित होकर समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करें और एक जागरूक, जिम्मेदार तथा आदर्श भारतीय नागरिक बनें।

प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप मैट्रिक/समकक्ष, इंटरमीडिएट/समकक्ष तथा स्नातक/समकक्ष—तीनों वर्गों में प्रथम स्थान पर 1-1 प्रतिभागी, द्वितीय स्थान पर 3-3 प्रतिभागी तथा तृतीय स्थान पर 4-4 प्रतिभागियों का चयन किया गया।

कार्यक्रम के अंत में प्रभारी, जिला उर्दू भाषा कोषांग, कटिहार ने सभी विशिष्ट अतिथियों, निर्णायक मंडल, शिक्षक-शिक्षिकाओं, प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा सभी के सहयोग से कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here