रेलवे सुरक्षा बल एवं राजकीय रेल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष संयुक्त अभियान के तहत कटिहार रेल क्षेत्र में अपराध एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीते दो दिनों के दौरान चोरी, शराब तस्करी एवं मोबाइल चोरी के मामलों में कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की गईं।
आरपीएफ ईस्ट पोस्ट कमांडर विक्रम कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक बाबलू कुमार एवं उनकी टीम ने भट्ठा गांव में छापेमारी कर ओएचई कैटेनरी वायर चोरी कांड का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों ने 16 मई की रात कटिहार-मनियान स्टेशन खंड के बीच रेलवे की ओएचई कैटेनरी तार की चोरी की गई थी।
वही पकड़े गए आरोपियों के निशानदेही पर आरपीएफ ने कटिहार शहर के शिव मंदिर चौक स्थित एक आभूषण एवं बर्तन व्यवसायी को भी गिरफ्तार किया है जिनके प्रतिष्ठान से लगभग 40 किलोग्राम चोरी किए गए रेलवे तांबे के तार के कटे हुए टुकड़े बरामद किए गया है।
वहीं दूसरी ओर आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने ट्रेन नंबर 15725 के कटिहार स्टेशन पहुंचने पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान खगड़िया निवासी रेखा देवी को दो बैगों में छिपाकर ले जाए जा रहे 13 बोतल प्रतिबंधित विदेशी शराब (9.750 लीटर) के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 4,615 रुपये बताई गई है। मामले को आगे की कार्रवाई हेतु जीआरपी कटिहार को सौंप दिया गया है। जांच में महिला के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध अधिनियम के तहत पूर्व में भी मामला दर्ज पाया गया।
इधर, जीआरपी कटिहार ने मोबाइल चोरी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोलाघाट निवासी मोहम्मद अयान (23 वर्ष) को चोरी के पांच मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसके अतिरिक्त, कटिहार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-8 के उत्तरी छोर पर एएलटीएफ टीम द्वारा लावारिस अवस्था में खड़ी एक मोटरसाइकिल से 25.500 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब को जब्त कर रेल थाना कटिहार में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आरपीएफ एवं जीआरपी के वरीय अधिकारी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा तथा रेलवे संपत्ति की रक्षा के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां रेलवे मजिस्ट्रेट श्री गौरव द्वारा सभी को जेल भेज दिया गया।











