दुर्गा स्थान परिसर में शुक्रवार से भव्य शुभारंभ, बच्चों और अभिभावकों के लिए मनोरंजन व स्वादिष्ट व्यंजनों की भरमार
बिहार के कटिहार में बच्चों की गर्मी की छुट्टियों को यादगार बनाने के लिए शहर के दुर्गा स्थान परिसर में शुक्रवार से भव्य डिज्नीलैंड मेला का आयोजन होने जा रहा है। करीब आठ वर्षों के बाद कटिहार में लगने जा रहे इस मेले को लेकर बच्चों से लेकर बड़ों तक में उत्साह देखा जा रहा है।
मेला प्रबंधन के अनुसार इस बार डिज्नीलैंड मेला में कई नए आकर्षण जोड़े गए हैं। सबसे खास बात यह है कि कटिहार की धरती पर पहली बार जलपरी (मरमेड) शो देखने का अवसर मिलेगा, जो बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
मेले में विभिन्न प्रकार के आधुनिक और रोमांचक झूलों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मनोरंजन के कई साधन, गेम जोन तथा परिवार के साथ समय बिताने के लिए विशेष आकर्षण मौजूद रहेंगे। खाने-पीने के शौकीनों के लिए भी मेले में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट और लजीज व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
मेला प्रबंधक रंजीत साह ने बताया कि आठ वर्षों के बाद कटिहार में डिज्नीलैंड मेला लेकर आए हैं।
इस बार मेले को पहले से अधिक आकर्षक और आधुनिक बनाया गया है। बच्चों, युवाओं और परिवारों के मनोरंजन के लिए कई नई चीजें शामिल की गई हैं, ताकि हर आयु वर्ग के लोग मेले का भरपूर आनंद उठा सकें।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को मेले का भव्य उद्घाटन होगा और आगामी दिनों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। मेला परिसर में सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
वही मेला प्रबन्धन के मुख्य सहयोगी विनय सिंह ने कहा कि मेला लगने से जिला के लोगों के परिवार के साथ समय बिताने के साथ मेले ने आए झूले सहित बाजार के रौनक का आनंद उठते है।
कटिहारवासियों के लिए यह मेला मनोरंजन, रोमांच और पारिवारिक आनंद का एक बेहतरीन अवसर साबित होने जा रहा है।












