Home #katihar नवादा से घर लौट रहे मजदूरों की बस पलटी, 25 घायल; 15...

नवादा से घर लौट रहे मजदूरों की बस पलटी, 25 घायल; 15 की हालत गंभीर

14
0

बिहार के  कटिहार जिला  के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत जुराबगंज के निकट शनिवार की सुबह करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसे में मजदूरों से भरी बस पलट गई। हादसे में 25 लोग घायल हो गए, जिनमें 15 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। सभी गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, बस में सवार करीब 60 से 70 मजदूर नवादा जिले के एक ईंट-भट्ठे में काम करने के बाद अपने घर पश्चिम बंगाल के कूचबिहार लौट रहे थे। इसी दौरान जुराबगंज के पास एक कार अचानक अनियंत्रित होकर बस से टकरा गई। कार को बचाने के प्रयास में बस चालक संतुलन खो बैठा और बस सड़क पर ही पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनीत कुमार ने बताया कि कुल 25 घायल अस्पताल पहुंचे थे। सभी का प्राथमिक उपचार किया गया, जिसमें 10 लोगों की स्थिति सामान्य पाई गई, जबकि 15 घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पूर्णिया हायर सेंटर रेफर किया गया।

बस चालक कृष्ण दास ने बताया कि सभी मजदूर नवादा के ईंट-भट्ठे से काम खत्म कर अपने घर कूचबिहार लौट रहे थे। अचानक सामने आई कार से टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here