कटिहार जिला के मनिहारी थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो जालसाजों को गिरफ्तार किया। मौके से सात मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। इस संबंध में मनिहारी थाना में कांड संख्या 228/24 दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मनोज कुमार ने बताया कि रसूलपुर के कुछ ग्रामीण ठगी के शिकार हुए थे और उन्होंने कुछ लोगों को बंधक बना रखा था। सूचना मिलने पर एसडीपीओ के निर्देश पर थानाध्यक्ष पंकज आनंद के नेतृत्व में एक टीम ने कार्रवाई की। पुलिस को देख कुछ जालसाज अपनी दोपहिया वाहन छोड़कर भाग निकले, लेकिन पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में बरारी थाना क्षेत्र के सुखासन निवासी शराफत अली और सिसिया बरारी निवासी हाकिम हुसैन शामिल हैं, जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
मुख्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। एसडीपीओ श्री कुमार ने बताया कि मौके पर सेना का एक जवान भी पकड़ा गया था, जो नवंबर 2023 से फरार चल रहा था। उसे उसके विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया है।
मौके से 11 मोहर, 12 मोबाइल सिम कार्ड, प्वाइंट ऑफ सेल (पॉस) मशीन, कई वोटर कार्ड, फिंगरप्रिंट की क्लोनिंग सामग्री, क्यूआर स्कैनर और अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की गईं। पुलिस इस जालसाजी में शामिल फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
















