Home #katihar एनएच-31 पर भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो-ऑटो की आमने-सामने टक्कर में 10 घायल,...

एनएच-31 पर भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो-ऑटो की आमने-सामने टक्कर में 10 घायल, पांच की हालत नाजुक

5
0

जुराबगंज के समीप मची चीख-पुकार, घायलों को कोढ़ा सीएचसी से पूर्णिया रेफर किया गया

बिहार के कटिहार जिला के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत जुराबगंज के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में ऑटो और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में ऑटो पर सवार 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें पांच की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जुराबगंज के निकट एनएच-31 पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ऑटो आमने-सामने टकरा गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर दौड़े और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में जुट गए। घटना के बाद कुछ देर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल कोढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।हादसे में घायल होने वालों में पूर्णिया के दोगच्छी निवासी 22 वर्षीय छोटी कुमारी, माहिनाथपुर वार्ड संख्या-5 निवासी 30 वर्षीय आरती कुमारी, मड़वा निवासी 55 वर्षीय आशुतोष सिन्हा, मोरसंडा निवासी 7 वर्षीय रिचा प्रिया, 32 वर्षीय पार्वती देवी, 21 वर्षीय काजल कुमारी, पूर्णिया मधुबनी निवासी 38 वर्षीय मो. चांद, मूसापुर निवासी अजय कुमार, मोरसंडा निवासी 16 वर्षीय सिंटू कुमार महतो तथा 17 वर्षीय पिंटू कुमार महतो शामिल हैं।कोढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गिरीश चंद्र ने बताया कि दुर्घटना में घायल होकर आए सभी 10 मरीजों का प्राथमिक उपचार किया गया। उन्होंने कहा कि इनमें पांच घायलों की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है। बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी मरीजों को पूर्णिया हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है स्थानीय लोगों ने बताया कि एनएच-31 पर लगातार बढ़ती वाहनों की संख्या और तेज रफ्तार के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। जुराबगंज के आसपास का क्षेत्र पहले भी कई बड़े हादसों का गवाह बन चुका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के अतिरिक्त उपाय करने, नियमित वाहन जांच अभियान चलाने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है।इस दर्दनाक हादसे के बाद घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे इलाके में घटना को लेकर चिंता और चर्चा का माहौल बना हुआ है। चिकित्सकों की निगरानी में पूर्णिया के विभिन्न अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।





LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here