गया जी 19 से 21 जून तक आयोजित 18वीं उमेश वर्मा बिहार राज्य इंटर डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन टीम चैंपियनशिप 2026 में कटिहार की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरे वर्ष खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में कटिहार ने मजबूत प्रतिद्वंद्वी पटना को 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इसके पहले कटिहार की महिलाओं ने सेमीफाइनल में एक और मजबूत प्रतिद्वंदी मुजफ्फरपुर को भी 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष समस्तीपुर में भी कटिहार ने पटना को 2-1 से पराजित कर यह खिताब जीता था।
टीम का नेतृत्व वर्तमान बिहार महिला एकल चैंपियन वैभवी सिंह ने किया। फाइनल के पहले एकल मुकाबले में वैभवी ने शानदार जीत दर्ज कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद वैभवी सिंह और वर्तमान अंडर-17 एवं अंडर-19 बिहार चैंपियन सौम्या भारती की जोड़ी ने युगल मुकाबला जीतकर कटिहार को विजयी बना दिया।
चैंपियन टीम में डेब्यू कर रहीं श्रेया सुमन तथा पिछले वर्ष की विजेता टीम की सदस्य अनन्या झा भी शामिल थीं। टीम के कोच पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी आशियांत विश्वास और मैनेजर रूपक समियारर थे जिनके मार्गदर्शन में टीम ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
यह प्रतियोगिता बिहार बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में तथा गया जिला बैडमिंटन संघ के सफल आयोजन में संपन्न हुई।
वहीं पुरुष वर्ग में कटिहार की टीम का अभियान सेमीफाइनल से पहले ही समाप्त हो गया, जहां उसे मजबूत मुजफ्फरपुर टीम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। अंडर-19 बालक टीम भी पहले दौर से आगे नहीं बढ़ सकी।
लगातार दूसरे वर्ष महिला वर्ग में बिहार चैंपियन बनने पर पूरी टीम, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों बधाई एवं शुभकामनाएं।
#











