कटिहार रेल मंडल में पदस्थापित मंडल वाणिज्य प्रबंधक संगीता मीणा के हाजीपुर जोन में स्थानांतरण के अवसर पर वाणिज्य विभाग द्वारा एक भव्य एवं गरिमामय विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में भावनाओं और सम्मान का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डीसीएम श्रीमती मीणा के कार्यकाल को याद करते हुए उनके कुशल नेतृत्व, उत्कृष्ट कार्यशैली और विभागीय विकास में दिए गए उल्लेखनीय योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उनके मार्गदर्शन में वाणिज्य विभाग ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं, जिससे न केवल राजस्व वृद्धि हुई बल्कि कार्यप्रणाली में भी सकारात्मक एवं प्रभावी बदलाव देखने को मिला।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह, सहायक वाणिज्य प्रबंधक जितेंद्र कुमार सिंह एवं निशांत कुमार सहित वाणिज्य विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए डीसीएम श्रीमती मीणा के साथ बिताए पलों को स्मरण किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन वाणिज्य कार्यालय अधीक्षक जेनी लकड़ा द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया, जिसने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित और प्रभावशाली बनाया।
वही अपने भावुक संबोधन में डीसीएम संगीता मीणा ने कटिहार रेल मंडल में मिले सहयोग, स्नेह और विश्वास के लिए सभी सहकर्मियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यहां का अनुभव उनके लिए सदैव प्रेरणादायक रहेगा और भविष्य में भी वे पूरे समर्पण एवं निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती रहेंगी। समारोह के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
















