रेलवे सुरक्षा बल कटिहार द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को एक ओर जहां अवैध शराब तस्करी पर करारा प्रहार किया गया, वहीं दूसरी ओर मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए आरपीएफ द्वारा ‘नन्हे फरिश्ते’ अभियान के तहत दो नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बचाया गया। इसी बीच आरपीएफ पोस्ट (ईस्ट) में नए पोस्ट कमांडर के रूप में विक्रम कुमार ने बीते सप्ताह योगदान देकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती प्रदान की है।
अवैध शराब की बड़ी बरामदगी।।
कटिहार रेलमंडल में आरपीएफ द्वारा 31 मार्च 2026 को अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में आरपीएफ कटिहार (ईस्ट) के सब इंस्पेक्टर अनुज कुमार एवं अन्य अधिकारी एवं जवानों ने ट्रेन संख्या 15909 (अवध असम एक्सप्रेस) के कोच संख्या S-6 की सघन जांच के दौरान 36 बोतल (13.50 लीटर) प्रतिबंधित विदेशी शराब बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत ₹7,920/- बताई जा रही है।
यह शराब एक ट्रॉली बैग में छिपाकर सीट के नीचे रखी गई थी, जिसे जांच के दौरान बरामद किया गया। इसमें किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। बरामद शराब लावारिस पाई गई, जिसे आरपीएफ द्वारा अग्रिम कार्रवाई हेतु रेल पुलिस कटिहार को सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में रेल थाना कटिहार द्वारा कांड संख्या 57/2026, धारा 30(a) बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
‘नन्हे फरिश्ते’ अभियान के तहत दो बच्चों का रेस्क्यू।।
वही आरपीएफ के एसआई मुक्ति शील द्वारा ‘नन्हे फरिश्ते’ अभियान के तहत मंगलवार को कटिहार स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर एक नाबालिग लड़का एवं एक नाबालिग लड़की को रेस्क्यू किया गया। दोनों बच्चे प्लेटफॉर्म एवं ट्रेनों में कचरा और प्लास्टिक बोतलें इकट्ठा कर रहे थे। जिन्हें आरपीएफ द्वारा औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित अवस्था में चाइल्डलाइन, कटिहार को उनके पुनर्वास के लिए सौंप दिया गया।
नए पोस्ट कमांडर के नेतृत्व में सघन अभियान जारी।
वहीं आरपीएफ ईस्ट पोस्ट कटिहार में बीते सप्ताह नए पोस्ट कमांडर के रूप में निरीक्षक विक्रम कुमार ने पदभार ग्रहण किया है। वे पूर्व में कटिहार में सीआईबी इंस्पेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और एक अनुभवी व कार्यकुशल अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। उनके आगमन से आरपीएफ की कार्यप्रणाली में और अधिक सुदृढ़ता आने की उम्मीद जताई जा रही है।
सुरक्षा व मानवीय सरोकारों का संतुलन।।
कटिहार आरपीएफ द्वारा एक ही दिन में की गई इन कार्रवाइयों ने यह साबित कर दिया है कि रेलवे सुरक्षा बल न केवल अपराध पर प्रभावी नियंत्रण कर रहा है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी पूरी संवेदनशीलता के साथ निभा रहा है। आरपीएफ इंस्पेक्टर विक्रम कुमार ने बताया कि आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस के निर्देशानुसार अपराध नियंत्रण की दिशा में लगातार रेलमंडल में संघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वही इंस्पेक्टर विक्रम कुमार ने बताया कि योगदान फलस्वरूप यात्रियों की सुरक्षित यात्रा और रेल की संपत्ति की सुरक्षा करना उनकी पहली प्राथमिकता है।
















