रेलवे में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए रेलवे सुरक्षा बल ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग अलग मामले में रेलवे की अवैध टिकट बनाने वाले दो व्यक्तियों सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है और अवैध धंधा करने वालों में डर का माहौल बन गया है।
रेल सूत्रों के अनुसार, आरपीएफ ने मनिहारी क्षेत्र में छापेमारी कर 29 वर्षीय मो. शाहबुद्दीन को गिरफ्तार किया। उसके पास से सीमांचल एक्सप्रेस का 4 हजार रुपये से अधिक का तत्काल टिकट सहित पूर्व में बनाए गए एक दर्जन से अधिक आरक्षण टिकट बरामद किए गए। इस मामले में आरपीएफ वेस्ट पोस्ट में केस दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वहीं, देर शाम आरपीएफ सीआईबी के इंस्पेक्टर संतोष कुमार के नेतृत्व में समसी स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 30 वर्षीय मो. असरुल हक़ को 63 हजार रुपये से अधिक मूल्य के अवैध रेलवे टिकट के साथ गिरफ्तार किया गया। आरपीएफ की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध टिकट कारोबारियों में खलबली मच गई है।
इसके अलावा कटिहार स्टेशन पर भी आरपीएफ ने सख्ती दिखाते हुए महिला कोच में अवैध रूप से यात्रा कर रहे 10 लोगों को पकड़ा गया। जबकि राजधानी एक्सप्रेस में चेन पुलिंग करने और रेलवे का तार काटने के मामले में अलग अलग दो व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों पर रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरपीएफ द्वारा प्रभारी रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस ने बताया कि आरपीएफ के द्वारा अवैध रूप से कार्य करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। रेलवे में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रेल में यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
















