56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बथनाहा के जवानों ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर सहित तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 25 जून 2026 को एसएसबी के “आई” समवाय जोगबनी अंतर्गत सीमा चौकी भेड़ियारी के कार्यक्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के नजदीक भागकोहलिया गांव में की गई।
एसएसबी के अनुसार, सीमा स्तंभ संख्या 177/4 के समीप भारत की ओर करीब 7 किलोमीटर अंदर विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। इस दौरान तीन युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 31.70 ग्राम ब्राउन शुगर (पॉलीथीन सहित), एक बाइक, दो इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एक स्कैनर, दो मोबाइल फोन, एक छोटा चाकू, एल्युमिनियम फॉयल, 11 हजार रुपये नकद एवं गोरखा स्ट्रॉन्ग बीयर की दो खाली बोतल बरामद की गई।
गिरफ्तार युवकों की पहचान कुंदन कुमार मंडल (23 वर्ष), पिता गणेश मंडल, वार्ड संख्या-04 भागकोहलिया, थाना फारबिसगंज, जिला अररिया; छोटू कुमार मंडल (21 वर्ष), पिता गणेश मंडल, वार्ड संख्या-04 भागकोल्हिया तथा छोटू कुमार दास, पिता पुलकित दास, त्रिशकून समौल, जिला अररिया के रूप में हुई है।
एसएसबी ने जब्त सामान और गिरफ्तार तीनों युवकों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए फारबिसगंज थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। मामले की आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है











