कटिहार जिला के मनिहारी अनुमण्डल स्थानीय विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (जे.ई.) अभिजीत चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति में बीच-बीच में हो रही बाधा का कारण मेंटेनेंस कार्य है। विभाग द्वारा उन इलाकों में नंगे तारों को बदलने और नए तार लगाने का कार्य किया जा रहा है, जिनसे विद्युत आपूर्ति में समस्याएं आ रही थीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि यह कार्य शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा और इसके बाद विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से चलती रहेगी।
बिजली आपूर्ति की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर जे.ई. ने कहा कि मनिहारी में बिजली आपूर्ति की कोई कमी नहीं है। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि आगामी चार-पांच दिनों में मनिहारी में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की कि वे स्मार्ट मीटर अवश्य लगवाएं, क्योंकि इसके कई फायदे हैं। स्मार्ट मीटर से उपभोक्ता मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने घर की ऊर्जा खपत और अन्य रीडिंग देख सकते हैं और इसे स्वयं ही रिचार्ज कर सकते हैं।
हालांकि, कुछ लोग स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर हिचकिचा रहे हैं, परंतु जे.ई. ने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर में कोई समस्या नहीं है। उन्होंने बताया कि ऐप चलाने में जिन उपभोक्ताओं को कठिनाई होगी, उन्हें विभाग द्वारा सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही, उन्होंने अपील की कि लोग किसी के बहकावे में न आएं।
किसानों के लिए कृषि कार्य हेतु अनुदानित दर पर बिजली कनेक्शन के बारे में जे.ई. ने बताया कि सभी पंचायतों के सभी खेती योग्य भूमि तक बिजली पहुंचाने का कार्य जारी है। 11 हजार वोल्ट की बिजली कई जगहों पर पहुंचाई जा रही है, हालांकि कुछ स्थानों पर बाढ़ के कारण कार्य बाधित हो रहा है। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया कि वे कृषि कार्य के लिए अनुदानित दर पर बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन करें, जिससे उन्हें 90 प्रतिशत तक की छूट वाली बिजली मिल सके। साथ ही, किसानों से यह भी सुझाव देने की अपील की कि किन क्षेत्रों में बिजली पहुंचाई जानी चाहिए।
















