युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वित्तपोषित और नेहरू युवा केंद्र, कटिहार के तत्वावधान में मनिहारी प्रखंड फतेहनगर पंचायत स्थित वृंदावन खेल मैदान में प्रखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व एस सी/एसटी आयोग के अध्यक्ष शंभू कुमार सुमन, जिला परिषद सदस्य फूलमणि हेम्ब्रम, और प्रखंड प्रमुख अनिता देवी ने संयुक्त रूप से किया।
शंभू कुमार सुमन ने अपने संबोधन में राज्य और केंद्र सरकार की खेल नीतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सरकार प्रतिभावान खिलाड़ियों को उनकी क्षमता निखारने और आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त अवसर और साधन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साबित करें।
फूलमणि हेम्ब्रम ने सरकार द्वारा खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाने की अपील करते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। अनिता देवी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि जीवन में अनुशासन और टीमवर्क भी विकसित होता है।सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाया और मैदान पर उनकी हौसलाफजाई की।
इस अवसर पर आगंतुक अतिथियों का स्वागत नेहरू युवा केंद्र के प्रखंड समन्वयक मो. सनोवर मंसूरी और पत्रकार श्याम वर्धन ने अंगवस्त्र भेंट कर किया।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि जदयू अनुसूचित जाति के प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत ऋषि, जदयू प्रखंड अध्यक्ष नंद किशोर यादव, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार उर्फ मंजय साह, और पीएलवी रेहाना परवीन उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं में शामिल खेल:
बालक वर्ग: फुटबॉल, रिले दौड़, और कबड्डी।
बालिका एवं बालक वर्ग: बैडमिंटन।
कार्यक्रम का मंच संचालन ,श्याम वर्धन ,इंजीनियर सह शिक्षक रूपेश चौधरी और शिक्षक पंकज कुमार ने किया। इस आयोजन ने स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक शानदार मंच प्रदान किया और क्षेत्र में खेल-कूद को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
















