Home #politics मैं थोड़ी राजनीति समझने लगा हूं, यमुना पर वोट नहीं मिलेंगे: अरविंद...

मैं थोड़ी राजनीति समझने लगा हूं, यमुना पर वोट नहीं मिलेंगे: अरविंद केजरीवाल

60
0

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का मानना है कि दिल्लीवाले यमुना के मुद्दे पर वोट नहीं करते हैं। हालांकि, उन्होंने वादा किया है कि यमुना को अगले पांच साल में साफ कर दिया जाएगा। 2020 में भी किए इस वादे को पूरा नहीं कर पाने की बात स्वीकार कर चुके केजरीवाल ने कहा है कि अब काफी काम हो चुका है और जल्द ही यमुना को साफ कर लिया जाएगा।

अरविंद केजरीवाल ने एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में यमुना को लेकर अपनी बात विस्तार से की। उनसे जब कहा गया कि यदि वह यमुना साफ कर देते हैं तो उनको हराना मुश्किल होगा क्योंकि लोग देखेंगे कि जो यमुना इतने दिनों से प्रदूषित थी वह साफ हो गई? इसके जवाब में केजरीवाल ने कहा कि यमुना वोट का मुद्दा नहीं। उन्होंने कहा, ‘मैं अब थोड़ी बहुत पॉलिटिक्स समझने लगा हूं, यमुना पर वोट नहीं मिलेंगे। लेकिन फिर भी मैं यमुना साफ करूंगा। क्योंकि मैं यहां वोट की राजनीति करने नहीं आया हूं। वोट की राजनीति तो ये लोग कर ही रहे थे। सत्ता से पैसा, पैसे से सत्ता कर ही रहे थे। मैं वो करने नहीं आया। जब मैं स्कूल बनवाता हूं यह नहीं देखता कि स्कूल से वोट मिलेंगे कि नहीं। जब मैं अस्पताल बनवाता हूं यह नहीं देखता कि इसकी वजह से वोट मिलेंगे कि नहीं। मैं काम करता हूं क्योंकि मैं काम करने आया हूं। जनता और देश के लिए काम करने में मुझे मजा आता है।’

अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘यमुना साफ हो सकती है और यमुना साफ होकर रहेगी। यमुना वजीराबाद तक साफ होती है, पल्ला तक आती है उसके बाद उसमें दिल्ली का सारा सीवर गिरने लगता है। इधर से शाहदरा ड्रेन आती है जो यूपी का गंदा पानी लेकर आती है, इधर से नजफगढ़ ड्रेन हरियाणा का गंदा पानी लेकर आती है। तीनों चीजें मिलकर यमुना के पानी को मैला कर देती हैं। दिल्ली में 1780 अवैध कॉलोनियां हैं। उनमें कोई सीवर सिस्टम नहीं था। हमने लगभग सभी में सीवर लाइन डलवा दी है। यह समस्या का 80 फीसदी था। अब इन सीवर सिस्टम को सीवर ट्रीटमेंट प्लांट में ले जाना है। अभी तक जो प्लांट थे उनकी क्षमता बढ़ा रहे हैं। इसके बाद सारा सीवर जब ट्रीटमें प्लांट में जाएगा तो यमुना में सीवर गिरना बंद हो जाएगा। शाहदरा और नजफगढ़ ड्रेन के लिए भी एसटीपी बना रहे हैं। मैंने 2020 में वादा किया था कि यमुना साफ कर दूंगा, मुझे अंदर से दर्द होता है कि मैं यह नहीं कर पाया।’ केजरीवाल ने कहा कि कोरोना और फिर जेल भेजे जाने की वजह से वह यह काम नहीं कर पाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here