कटिहार समाहरणालय के NIC सभागार में जिला पदाधिकारी कटिहार मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति तथा जिला टास्क फोर्स (आपदा प्रबंधन), जिले के सभी अंचलाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड के नोडल पदाधिकारी के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जिले में संभावित बाढ़ की पूर्व तैयारी के संबंध में समीक्षात्मक बैठक की गई।
उक्त बैठक में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन के द्वारा संभावित बाढ़ की पूर्व तैयारी के संबंध में विस्तृत जानकारी से अवगत कराया गया।
तत्पश्चात जिला पदाधिकारी के द्वारा सभी जिला टास्क फोर्स (आपदा प्रबंधन) एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े जिले के सभी अंचलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी बारसाई/मनिहारी/ कटिहार सभी प्रखंड के नोडल पदाधिकारियों से पिछले बैठक की कार्यवाही का प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए तटबंधों की सुरक्षा के मद्देनजर नदियों में जलस्तर पर नियमित रूप से नजर बनाए रखने, तटबंधों की सुरक्षा हेतु पर्याप्त संख्या में पदाधिकारियों एवं कर्मियों की तैनाती कराने एवं बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र को लगातार निरीक्षण कराने, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पीड़ित परिवारों के राहत एवं बचाव हेतु उपयोगी आवश्यक सामग्री यथा पॉलिथीन सीट्स, सरकारी एवं निजी नावों, लाइफ जैकेट मोटर बोट, मोटर एम्बुलेंस आदि पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने, भंडारण में उपलब्ध सामग्री का सत्यापन कराने, विभिन्न प्रखंडों में चिन्हित् बाढ़ राहत शिविर एवं बाढ़ राहत आश्रय स्थल का मरम्मती एवं साफ-सफाई कराते हुए उक्त स्थल पर शुद्ध पेयजल, शौचालय, लाइटिंग आदि सुनिश्चित कराने, पर्याप्त मात्रा में पशु चारा का भंडारण सुनिश्चित कराने तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं एस.डी.आर.एफ. के टीम को एक्टीव मोड में रहने एवं GR संपूर्ति पोर्टल पर लाभुकों की शत-प्रतिशत सत्यापन कराने, सिविल सर्जन को सभी प्रकार के आवश्यक दवाईयां जैसे सर्प डंस की दवा, क्लोरीन टेबलेट, ओ.आर.एस. घोल के पैकेट, हैलोजन टेबलेट, एंटी रेबीज की सुईया, एंटीबायोटिक दवाइयां, ब्लीचिंग पाउडर आदि स्टोर में भंडारित कराने एवं जिले में बाढ़ की स्थिति में उत्पन्न होने पर किसानों के फसल क्षति का स-समय मुआवजे का भुगतान कराने का आदेश संबधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया। नावों का परिचालन आपदा विभाग के SOP के अनुसार तथा नाव पर ओवरलैंडिंग जैसी समस्या उत्पन्न ना हो इनको विशेष ध्यान में रखने का आदेश दिया गया।
इसके अलावा महिला संवाद तथा जीविका दीदियों से संबंधित लंबित मामले जिन विभागों से संबंधित है उन सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी को जल्द से जल्द निष्पादन करने का आदेश दिया गया। साथ ही डॉ० भीमराव अम्बेदकर समग्र सेवा अभियान एवं आपका शहर आपकी बात कार्यक्रम, टोला सम्पर्क योजना एवं अन्य संबंधित योजना का अद्यतन रिपोर्ट के आधार पर समीक्षा की गई एवं सभी संबधित विभागों के पदाधिकारियों को निदेशित किया गया कि इन अभियानों के दौरान जितने भी आवेदन आते हैं उन सभी आवेदनों को स-समय निष्पादन कराना सुनिश्चित करेंगे।
आगे उप निर्वाचन पदाधिकारी के द्वारा अगामी विधानसभा आम निर्वाचन-2025 को लेकर भी अवगत कराया गया। जिसमें जिला पदाधिकारी के द्वारा VC के माध्यम जुड़े सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को आदेश दिया गया कि सभी बी.एल.ओ. से आपस में समन्वय स्थापित करके इलेक्ट्रॉन रोल का प्रत्येक दिन मॉनीटरिंग करना का सुनिश्चित करेंगे एवं शिक्षकों का स्थानांतरण होने के करण बी.एल.ओ में जो परिवर्तन हुए हैं उन सभी का समीक्षा करते हुए रिपोर्ट निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।इसके साथ-साथ जिला समन्वय समिति का भी जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा अद्यतन रिपोर्ट के आधार पर एजेंडावार तरीके से विभिन्न विभाग यथा:- शिक्षा, स्वास्थ्य, कल्याण, अल्पसंख्यक, ग्रामीण कार्य प्रमंडल मनिहारी/बारसोई/कटिहार, ICDS, पशुपालन, PHED, योजना एवं विकास विभाग, मत्स्य, सहकारिता, जिला आपूर्ति, जिला पंचायती राज, उद्योग, पशुपालन, पर्यटन, खेल, एवं कृषि एवं अन्य विभागों के पदाधिकारियों से संबंधित विभाग अंतर्गत संचालित जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं का भी समीक्षा की गई। उक्त बैठक में जिला पदाधिकारी, महोदय के साथ-साथ अपर समाहर्ता आपदा, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय प्रशाखा, जिला स्तरीय पदाधिकारीगण के अतिरिक्त अन्य जिला स्तरीय समन्वय समिति के पदाधिकारीगण तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी जुड़े थे।
















