कटिहार पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने शनिवार को हसनगंज थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबित कांडों के अन्वेषण की समीक्षा की तथा आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
कटिहार पुलिस अधीक्षक कटिहार शिखर चौधरी द्वारा आज दिनांक 03 जनवरी 2026 को हसनगंज थाना परिसर में कांड अन्वेषण समीक्षा एवं नागरिक समस्याओं को लेकर जन-सुनवाई का आयोजन किया गया। समीक्षा बैठक में थानाध्यक्ष हसनगंज सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक ने थाने में दर्ज विभिन्न आपराधिक मामलों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, साक्ष्य संकलन में तेजी लाने तथा अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांडों के अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर एसपी ने आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्राथमिक दायित्व आम जनता को न्याय दिलाना एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है।
जन-सुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े मामलों पर भी पुलिस अधीक्षक ने संज्ञान लिया और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस पहल से आम लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।
















