राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय अरिहाना के शिक्षकों ने मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए गरीब व जरूरतमंद बच्चों के बीच स्वेटर का वितरण किया। इस पहल के तहत लगभग 50 बच्चों को ठंड से बचाव के लिए स्वेटर प्रदान किए गए, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विद्यालय के शिक्षक विप्लव कुमार ने बताया कि ठंड बढ़ने के साथ चेतना सत्र के दौरान उन्होंने कई बच्चों को बिना पर्याप्त गर्म कपड़ों के ठिठुरते देखा। बच्चों की इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों के बीच स्वेटर वितरण का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी शिक्षकों ने सहमति के साथ स्वीकार किया। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार विश्वास, सहायक शिक्षिका नेहा कृति, शिक्षक सुबोध कुमार, नुरुल होदा तथा रात्रि प्रहरी संतोष कुमार मंडल के सहयोग से स्वेटर खरीदे गए और बच्चों के बीच वितरित किए गए।
राष्ट्रीय युवा दिवस जैसे प्रेरणादायक अवसर पर की गई यह पहल बच्चों के लिए न केवल राहत का कारण बनी, बल्कि उनमें अपनापन और भरोसे की भावना भी पैदा हुई। इस प्रयास से यह संदेश गया कि शिक्षक सिर्फ शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि बच्चों की बुनियादी जरूरतों के प्रति भी सजग रहते हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक श्यामा रविदास, आदित्य राज, राजकपूर कुशवाहा, अभिषेक, नूर आलम, ममता कुमारी,अर्जुन विश्वास सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। सभी ने इस पहल को समाज के लिए अनुकरणीय बताया।
















