कटिहार रेलमंडल अंतर्गत स्थित रेलवे अस्पताल को शीघ्र ही आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस किया जाएगा। रेलकर्मियों की बेहतर स्वास्थ्य सेवा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में चिकित्सा से जुड़ी लगभग सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस संबंध में रेलवे अस्पताल में हाल में ही आए नव पदस्थापित मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वी. दामोदर राज ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में रेलवे अस्पताल में ईएनटी, स्त्री रोग, नेत्र रोग, यूरोलॉजी, मनोरोग, नेफ्रोलॉजी सहित जनरल मेडिसिन के अलग-अलग विभागों में सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को संविदा के आधार पर नियुक्त किया गया है। इससे अब किसी भी रेलकर्मी को गंभीर बीमारी के इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
सीएमएस डॉ वी दामोदर राज ने बताया कि आने वाले समय में और भी कई चिकित्सीय सुविधाएं तथा अत्याधुनिक तकनीकों को रेलवे अस्पताल में बहाल किया जाएगा, जिसके लिए संबंधित विभागों से पत्राचार किया जा रहा है। जबकि पूर्व से रेलवे अस्पताल में अलग अलग विभाग के कई नियमित विशेषज्ञ मौजूद है।
गौरतलब है कि सीएमएस डॉ. वी. दामोदर राज चेन्नई के निवासी हैं और कटिहार में पदस्थापना से पूर्व वे मुख्यालय में कार्यरत थे। वे स्वयं एक प्रसिद्ध प्लास्टिक सर्जन हैं। पूरे भारतीय रेल में वर्तमान में केवल दो प्लास्टिक सर्जन कार्यरत हैं, जिनमें से एक डॉ. दामोदर राज हैं। ऐसे में उनका कटिहार में सीएमएस के रूप में कार्यरत होना रेलकर्मियों के साथ-साथ कटिहारवासियों के लिए भी गौरव और खुशी की बात है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व सीएमएस डॉ. बी. के. मंडल के सेवानिवृत्त होने के बाद बीते डेढ़ वर्षों से यह पद रिक्त था, जिसकी प्रभार के रूप में डॉ. बी. के. चौधरी देखरेख कर रहे थे। अब स्थायी सीएमएस की नियुक्ति से रेलवे अस्पताल के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। जिससे रेल कर्मियों में हर्ष व्याप्त है।
















