बिहार के कटिहार में उस समय हड़कंप मच गया जब सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। धमकी की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कटिहार जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी खुद मौके पर पहुंचे और पूरा न्यायालय परिसर में घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वही कटिहार सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी की जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कोर्ट को ईमेल के माध्यम से धमकी मिली है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है, लेकिन किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। पूरे कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, साथ ही आने-जाने वालों की सघन जांच की जा रही है। किसी भी अंजान व्यक्ति को बिना चेक किए हुए अन्दर जाने नहीं दिया जा रहा है। गौरतलब है कि न्यायालय में बम को लेकर मेल की खबर हो सकता है कि फर्जी भी हो, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के दृष्टिकोण से बारीकी से जांच किया जा रहा है। जिसके लिए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि एफआईआर करके आगे जांच की जाएगी। वही इस संबंध में
पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। धमकी भरे ईमेल की जांच तकनीकी टीम द्वारा की जा रही है ताकि इसके पीछे शामिल तत्वों का जल्द पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के सभी मानकों का पालन किया जा रहा है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा कोर्ट कैंपस की सुरक्षा के लिए निरीक्षण किया जा रहा है। जिसके लिए जांच जारी है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की मदद से कोर्ट परिसर की गहन तलाशी भी ली गई। हालांकि जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बावजूद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इस घटना के बाद आम लोगों और वकीलों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल जरूर बना, लेकिन प्रशासन की सक्रियता से स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई. फिलहाल कोर्ट का कामकाज सामान्य रूप से जारी है, जबकि सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी हैं।
वही इसके पूर्व भी बिहार के विभिन्न अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी लगातार मिली है। सोमवार को पूर्णिया, किशनगंज और हाजीपुर कोर्ट परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। जिसके बाद से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। वही सुरक्षा के दृष्टिकोण से कटिहार पूर्व से ही अलर्ट मोड में है।
















