पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार जंक्शन पर बुधवार को युद्ध जैसी आपात स्थिति, एयर अटैक, मिसाइल एवं ड्रोन हमले की संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए संयुक्त रूप से विशेष मॉक ड्रिल एवं रिहर्सल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास गुरुवार की सुबह 11 बजे से 11:45 बजे तक चला।
कटिहार जंक्शन में आयोजित मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन ब्लैकआउट की स्थिति में रेलवे प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों एवं जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना था। इस दौरान स्टेशन परिसर में ब्लैकआउट व्यवस्था, रणनीतिक निकासी योजना एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का सफल परीक्षण किया गया।
वही आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान डीएम कटिहार, कार्यपालक दंडाधिकारी, एसआरपी कटिहार, डीएसआरपी कटिहार, एएससी कटिहार, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, आरपीएफ एवं जीआरपी के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। सभी विभागों ने आपसी तालमेल के साथ निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए अभ्यास को सफल बनाया।
रेल प्रशासन के अनुसार मॉक ड्रिल पूरी तरह सफल रही तथा इस दौरान रेल परिचालन पर किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ा। नियमित ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहा।













