Home #katihar राजधानी एक्सप्रेस में पहली बार चला रेलवे मजिस्ट्रेट का “मेगा चेकिंग अभियान”6...

राजधानी एक्सप्रेस में पहली बार चला रेलवे मजिस्ट्रेट का “मेगा चेकिंग अभियान”6 घंटे में ₹2.10 लाख जुर्माना वसूला

0
3

कटिहार रेलमंडल अंतर्गत शनिवार को रेलवे मजिस्ट्रेट गौरव के नेतृत्व में राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों में पहली बार औचक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई से बेटिकट यात्रियों, दलालों और रेल राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कटिहार स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-1 पर ट्रेन संख्या 12424 राजधानी एक्सप्रेस के खुलने से पूर्व रेलवे मजिस्ट्रेट गौरव अपनी विशेष टीम के साथ ट्रेन में पहुंचे और सभी कोचों की गहन जांच का निर्देश दिया। इसके बाद चलती ट्रेन में कटिहार से किशनगंज तक लगातार चेकिंग अभियान चलाया गया।
वहीं वापसी के दौरान ट्रेन संख्या 20505 राजधानी एक्सप्रेस में भी कटिहार तक सघन जांच की गई। इस दौरान अप एवं डाउन दोनों दिशाओं में कुल 26 बेटिकट यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे कुल ₹2,10,320 जुर्माना वसूला गया।
चेकिंग के दौरान एक और बड़ी सफलता तब मिली जब रेल पुलिस ने 3 एसी कोच से लावारिस हालत में रखे गए दो बड़े पैकेटों से गांजा बरामद किया। बरामद सामान को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रेलवे मजिस्ट्रेट की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जहां रेल राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों में अफरा-तफरी मच गई, वहीं कई सफेदपोशों को भी बड़ा झटका लगा है। महज 6 घंटे के अभियान में लाखों रुपये की वसूली कर रेलवे प्रशासन को रिपोर्ट सौंपते हुए राशि रेल खजाने में जमा कराने का निर्देश दिया गया। रेल में पहली बार इस तरह से संपन्न हुई मजिस्ट्रेट चेकिंग ने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम किया है। गौरतलब है कि रेल में सप्ताह के अंतिम तीन दिन चेकिंग डे होता है। जिस दौरान रेलवे मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में चेकिंग टीम द्वारा निर्धारित अलग अलग रेलखंड में चेकिंग किया जाता है। वही रेलवे एक्ट में चेकिंग के दौरान पकड़े जाने पर जुर्माना के अलावा जेल का भी प्रावधान है।
इधर रेल प्रशासन ने भी पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की बात कही है।
इस विशेष अभियान में रेलवे मजिस्ट्रेट गौरव के साथ पेशकार कुलदीप कुमार सिन्हा, नवीन कुमार, प्रिंस कुमार, आदित्य नंदन, बॉडीगार्ड विश्वास समेत 20 आरपीएफ जवान, 15 जीआरपी कर्मी एवं 18 वाणिज्य कर्मी मौजूद आदि थे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here