दिनांक 14 जनवरी को कटिहार रेल मंडल के अंतर्गत चार महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों पर विभिन्न ट्रेनों के नए ठहराव का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के सांसद श्री खगेन मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने हरी झंडी दिखाकर ट्रेनों के परिचालन का शुभारंभ किया।
नए ठहराव की विवरणी निम्नानुसार है—
मालाहार रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 15709 मालदा–न्यू जलपाईगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव प्रदान किया गया।
श्रीपुर हाल्ट पर ट्रेन संख्या 15710 न्यू जलपाईगुड़ी–मालदा इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव दिया गया।
हरिशचंद्रपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 13175 कंचनजंगा एक्सप्रेस का ठहराव प्रारंभ किया गया।
भालुका रोड रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 13160 जोगबनी–कोलकाता चितपुर एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित किया गया।
हरिशचंद्रपुर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री तजमुल हुसैन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, कटिहार श्री किरेंद्र नरह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनूप कुमार सिंह सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से क्षेत्रीय रेल सेवाओं के विस्तार पर प्रसन्नता व्यक्त की।
अपने संबोधन में सांसद श्री खगेन मुर्मू ने कहा कि इन ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी। उन्होंने रेल प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनहित से जुड़े प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की बात कही।
कटिहार रेल मंडल द्वारा यह पहल स्थानीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए की गई है। नए ठहराव से आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और यात्रा अधिक सुगम एवं सुविधाजनक होगी।
















