जिला जज की अपील – लोक अदालत का उठाएं लाभ, तुरंत निपटेंगे मामले
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर शनिवार को कटिहार व्यवहार न्यायालय परिसर में विशेष राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस लोक अदालत में समझौते के आधार पर सुलह योग्य मामलों का त्वरित निपटारा किया जाएगा।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष रणवीर सिंह ने जिले के आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोक अदालत ऐसा मंच है जहां सिर्फ आपसी समझौते के आधार पर वर्षों से लंबित मुकदमों का तत्काल समाधान संभव है। जो पूरी तरह से निःशुल्क है।उन्होंने कहा कि इस तरह का अवसर बार-बार नहीं मिलता, इसलिए अधिक से अधिक लोग लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने मामलों का निपटारा कराएं।
वही जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव कमलेश सिंह देउ ने जानकारी देते हुए बताया कि मामलों के निष्पादन के लिए कुल 15 बेंचों का गठन किया गया है। इनमें एक बेंच बारसोई अनुमंडल न्यायालय तथा एक बेंच रेलवे न्यायालय में भी स्थापित की गई है।
लोक अदालत में दीवानी, फौजदारी, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा (क्लेम), बिजली, राजस्व सहित अन्य सुलह योग्य मामलों का समझौते के आधार पर निपटारा किया जाएगा। इससे लोगों को त्वरित न्याय मिलने के साथ समय और धन दोनों की बचत होगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस मेगा लोक अदालत का लाभ उठाएं और लंबित मामलों को आपसी सहमति से समाप्त करवा ले।
















