कटिहार रेल मंडल में कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। एन.एफ. रेलवे इम्पलाईज यूनियन ने रेल प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 16 मार्च की सुबह 9 बजे से डीआरएम कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है। यूनियन ने वेतन निर्धारण, पदोन्नति, चिकित्सा सुविधा और कर्मचारियों की मूलभूत सुविधाओं सहित कई गंभीर मुद्दों को लेकर रेल प्रशासन से जवाब मांगा है।
कटिहार। रेलवे कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर एन.एफ. रेलवे इम्पलाईज यूनियन कटिहार मंडल के बैनर तले 16 मार्च 2026 से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जा रही है। यह भूख हड़ताल सुबह 9 बजे से डीआरएम मंडल कार्यालय परिसर, कटिहार में आयोजित होगी।
यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि रेलवे बोर्ड के नियम 126/2018 एवं 212/2019 के तहत सभी विभागों में वेतन निर्धारण (पे फिक्सेशन) के अंतिम निर्णय में अब तक देरी की जा रही है। इसके अलावा पदोन्नति पर मिलने वाले अतिरिक्त इंक्रीमेंट से कटिहार मंडल के सीनियर ट्रेन मैनेजरों को वंचित रखा गया है।
यूनियन ने आरोप लगाया कि पदों के पुनर्वितरण के नाम पर वर्तमान बीओएस में कटौती की जा रही है, जबकि कर्मचारियों को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। रेल स्टाफ कैंटीन लंबे समय से बंद है और कई कार्यस्थलों पर महिला कर्मचारियों के लिए शौचालय की समुचित व्यवस्था भी नहीं है
यूनियन ने यह भी कहा कि कर्मचारियों को मिलने वाले सीईए और हॉस्टल भत्तों के भुगतान में वर्षों से अनावश्यक विलंब हो रहा है। साथ ही टीटीई रेस्ट रूम और रनिंग रूम में रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार सुविधाएं अब तक बहाल नहीं की गई हैं।
इन सभी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर यूनियन ने रेल प्रशासन से जवाब मांगा है और चेतावनी दी है कि जब तक मांगों का समाधान नहीं होगा, तब तक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी।
















