एन.एफ. रेलवे इम्प्लाइज यूनियन, कटिहार मंडल द्वारा रेल कर्मचारियों की लंबित समस्याओं एवं मांगों के समाधान को लेकर सोमवार, 16 मार्च से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जा रही है। यह भूख हड़ताल सुबह 9 बजे से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय रेल परिसर, कटिहार में प्रारंभ होगी।
इस संबंध में एन एफ रेलवे इंप्लॉई यूनियन के मंडल सचिव रजनीश कुमार और इंप्लॉई यूनियन के केंद्रीय संगठन मंत्री प्रेमशंकर ने बताया कि रेलवे कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं, जिनके समाधान की मांग इंप्लॉई यूनियन द्वारा लगातार उठाई जाती रही है, लेकिन अब तक रेल प्रशासन द्वारा ठोस पहल नहीं होने के कारण अंत में संगठन को यह कदम उठाना पड़ रहा है।
वही यूनियन की प्रमुख मांगों में रेलवे बोर्ड के नियम 126/2018 एवं 212/2019 के अंतर्गत सभी विभागों में लंबित वेतन निर्धारण को शीघ्र अंतिम रूप देना, पदोन्नति पर मिलने वाले अतिरिक्त इंक्रीमेंट से कटिहार मंडल के सीनियर ट्रेन मैनेजरों को वंचित रखने के कारणों का जवाब, पदों के पुनर्वितरण के नाम पर वर्तमान बीओएस में की जा रही कटौती को रोकना शामिल है।
जबकि इसके अलावा रेल स्टाफ कैंटीन को पुनः चालू करने, सभी कार्यस्थलों पर महिला कर्मचारियों के लिए समुचित शौचालय की व्यवस्था, मेडिकल डी-कैटेगराइज्ड कर्मचारियों की उचित पदस्थापना, गैंग हाटों पर बिजली और शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग शामिल है। मंडल सचिव रजनीश कुमार ने बताया कि यूनियन ने इंजीनियरिंग विभाग के ट्रैक मेंटेनर्स को समय पर पदोन्नति देने, मंडल के रेलवे अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी दूर करने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति सुधारने, तथा रेल कर्मियों को मिलने वाले सीईए एवं हॉस्टल भत्तों के भुगतान में हो रहे अनावश्यक विलंब को समाप्त करने की मांग भी की है। संगठन ने तकनीकी त्यागपत्र की स्वीकृति में देरी, टीटीई एवं रनिंग रूम में रेलवे बोर्ड के आदेशानुसार सुविधाओं की बहाली, रेलवे आवासों एवं नालों की जर्जर स्थिति के सुधार, तथा सभी विभागों में 12 घंटे के स्थान पर 8 घंटे का ड्यूटी रोस्टर सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई है।
यूनियन के केंद्रीय संगठन मंत्री प्रेमशंकर ने कहा कि जब तक इन मांगों पर रेल प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने रेल प्रशासन से कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान करने की अपील की है। वही एन एफ रेलवे इम्पलाई यूनियन द्वारा रविवार को कटिहार रेलवे स्टेशन परिसर, लंगड़ा बगान , जीआरपी चौक, ओ टी पारा सहित अन्य जगहों पर अलग अलग नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। जिसमें केंद्र और मंडल के नेतागण के साथ तकनीकी शाखा , सामान्य शाखा एवं महिला शाखा के सैकड़ों पदाधिकारी और प्रतिनिधि सम्मिलित हुए।
Home #Katihar rail mandal कटिहार में रेल कर्मचारियों की मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल 16...
















