Home #katihar मनिहारी की खुशबू के संघर्ष से लाल किले तक का प्रेरणादायक...

मनिहारी की खुशबू के संघर्ष से लाल किले तक का प्रेरणादायक सफर

47
0

कटिहार जिला के मनिहारी के बाघमारा पंचायत स्थित गांधी टोला, जिला कटिहार की रहने वाली जीविका दीदी खुशबू कुमारी और उनके पति अवधेश कुमार चौधरी को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले पर ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से निमंत्रण मिला है। इस सम्मान को लेकर मनिहारी में हर्ष का वातावरण है।

खुशबू कुमारी ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उन्हें इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 2014 में जीविका से जुड़ने से पहले उनकी आर्थिक स्थिति बहुत खराब थी। उनके पति मजदूरी करते थे, और वे भी उनके साथ मजदूरी करती थीं। जीविका से जुड़ने के बाद उन्हें पहली बार 30,000 रुपये की सहायता मिली, जिसे उन्होंने समय पर चुकता कर दिया। बाद में, उन्होंने 50,000 रुपये का ऋण प्राप्त किया, जिसका उपयोग करके उन्होंने सब्जी व्यापार शुरू किया। धीरे-धीरे उनका व्यापार बढ़ने लगा, और मनिहारी से लेकर अन्य जिलों तक सब्जियों का निर्यात होने लगा। इसके परिणामस्वरूप उनकी आर्थिक स्थिति में भी सुधार हुआ।

आज खुशबू कुमारी अपने दोनों बच्चों को एक अच्छे निजी स्कूल में पढ़ा रही हैं। उन्होंने महिलाओं के लिए संदेश देते हुए कहा कि पढ़ाई-लिखाई कभी व्यर्थ नहीं जाती। उन्होंने खुद शादी के बाद 12वीं की पढ़ाई पूरी की, और आज जीविका कार्यालय में एफआई हेल्प डेस्क पर 4400 रुपये प्रतिमाह की नौकरी कर रही हैं।

जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक ब्रजेश कुमार ने कहा कि यह गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री जी का निमंत्रण मनिहारी की जीविका दीदी खुशबू कुमारी और उनके पति अवधेश कुमार चौधरी जी को मिला है। 12 अगस्त को खुशबू कुमारी और उनके पति दिल्ली के लिए हवाई जहाज से रवाना होंगे, और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में राजपथ पर ध्वजारोहण समारोह में शामिल होंगे।

उन्होंने आगे कहा कि जीविका का मुख्य उद्देश्य महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण है, और खुशबू दीदी इसका एक आदर्श उदाहरण हैं। उन्होंने न केवल अपने परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत किया है, बल्कि अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा भी दे रही हैं। इसके साथ ही, वे आसपास की महिलाओं के लिए एक प्रेरणा स्रोत बनकर उभरी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here