कटिहार जिला के हसनगंज प्रखंड क्षेत्र में गत रात्रि से हो रही बारिश से कहीं खुशी कहीं गम वाली स्थिति बन गई है। झमाझम बारिश से जहां भीषण उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। वहीं धान की खेती करने वाले किसानों में कहीं खुशी और कहीं गम वाली स्थिति बन गई है। अभी कई धान की फसलों में फूल व दाना आने लगा है। वैसे धान की फसल बारिश व तेज हवा के प्रभाव मे खेतों मे गिर पड़ा है। इससे किसानों के बीच काफी मायूसी छाई हुई है। किसान हुसैन अली,मंजूर आलम,दिलीप मंडल,सुरेंद्र मंडल आदि धान उत्पादक किसानों ने बताया की अभी की बारिश सेहत के साथ साथ सब्जी,धान आदि फसलों के लिए अमृत की बूंदों की तरह बरसी है। लेकिन जो अगात किस्म की धान की खेती की गई थी। उसमे दाना आने लगा था। इससे धान का पौधा भारी हो गया था। वहीं बारिश के साथ तेज हवा से वैसे फसल खेत में ही गिर गया है। इससे किसानों को भारी क्षति का सामना करना पर रहा है। अब ऐसे गिरे हुए धान की फसल की उपज भी काफी प्रभावित होगी साथ ही इसे तैयार करने के लिए मजदूरी भी ज्यादा व्यय करना पड़ेगा।
















