कटिहार जिला के हसनगंज प्रखंड से कोढ़ा प्रखंड को जोड़ने वाली सड़क पर जल स्तर के बढ़ने से लोग एक बार फिर 20 रुपया किराया देकर नाव से आवाजाही करने पर विवश हैं। लगातार मूसलाधार बारिश से चांपी भसना नदी का जल स्तर बढ़ गया है। इससे सात वर्ष पूर्व बाढ से ध्वस्त हो चुकी सड़क पर पानी आ जाने से लोगों को नाव का सहारा लेना पर रहा है। जल स्तर के बढ़ने से खासकर राजवाड़ा पंचायत,रौतारा पंचायत,चांपी,बियारपुर आदि क्षेत्र के खासकर एलपीजी गैस उपभोक्ता को काफी कठिनाइयों का सामना करना पर रहा है। अक्सर इस क्षेत्र के लोगों का गैस कनेक्शन हसनगंज एचपी गैस एजेंसी में है। और लोगों को अपनी बाइक को सड़क पर ही छोड़कर जान जोखिम में डालकर एस्ट्रा 20 रुपया नाव का किराया देकर गैस सिलेंडर के लिए हसनगंज जाना पड़ रहा है। वहीं बढ़े जलस्तर को लेकर आवागमन को और सुलभ बनाने को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा चचरी पुल का निर्माण किया जा रहा है। बता दें की वर्ष 2017 की बाढ़ मे हो चुकी ध्वस्त सड़क की मरम्मत नहीं होने की वजह से लोगों को प्रत्येक वर्ष बरसात में इस तरह की समस्याओं से सामना करना पड़ता है।
















